रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा: कोयला लदे ट्रक ने सवारी वाहन को रौंदा, 7 लोगों की मौत,1 गंभीर

 

रामगढ़।गुरुवार की देर रात रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत लारी-बरलौंग के पास रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (एनएच-23) पर हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रक ने एक सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए राँची रेफर किया गया है।

बैंड-ताशा पार्टी के सदस्य थे सभी यात्री

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग एक बैंड-ताशा पार्टी से जुड़े थे। बताया जा रहा है कि बलसगरा के दो लोग और मारांगमरचा गांव के छह सदस्य एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनका वाहन लारी-बरलौंग के पास पहुंचा, रामगढ़ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान सवारी वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।टक्कर इतनी भीषण थी कि सवारी वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया।

एक घायल को राँची किया गया रेफर

रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में कुल आठ लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें सात की मौत हो चुकी थी, जबकि एक घायल की हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में क्या सामने आया?

रामगढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आलोक रंजन ने बताया कि शुरुआती जांच में ट्रक के रॉन्ग साइड में जाकर सवारी वाहन को टक्कर मारने की बात सामने आई है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और ट्रक चालक की तलाश भी जारी है।

हादसे के बाद सड़क जाम, लोगों में भारी आक्रोश

दुर्घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (एनएच-23) को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर एसडीपीओ, रजरप्पा थाना पुलिस सहित कई थानों की पुलिस बल तैनात की गई है। प्रशासन लोगों को समझाने और यातायात बहाल कराने का प्रयास किया।

लगातार हो रहे हादसों पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी स्थान पर पिछले चार दिनों के भीतर 10 लोगों की मौत हो चुकी है। लोगों ने इस क्षेत्र को दुर्घटना संभावित “ब्लैक स्पॉट” बताते हुए यहां सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में भी ऐसे दर्दनाक हादसे होते रहेंगे।फिलहाल पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और प्रशासन स्थिति को सामान्य करने का प्रयास कर रहा है।

error: Content is protected !!