राँची पुलिस के हत्थे चढ़ा दो अफीम तस्कर,लग्जरी कार में छिपाकर ले जा रहे थे 45 लाख की अफीम…
राँची।झारखण्ड से अफीम तस्करी के बड़े नेटवर्क पर राँची पुलिस ने एक और करारा प्रहार किया है। जिले के ओरमांझी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब 45 लाख रुपये मूल्य की 12 किलो तैयार अफीम के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्कर एक लग्जरी कार में बेहद शातिर तरीके से अफीम छिपाकर बिहार और उत्तर प्रदेश ले जाने की तैयारी में थे।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रॉबिन राज और सुखलाल मुंडा के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही उत्तर प्रदेश नंबर की कार, मोबाइल फोन और अन्य सामान भी जब्त कर लिया है।
सूचना मिली, जाल बिछाया और फंस गए तस्कर
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि मादक पदार्थ तस्करों का एक गिरोह भारी मात्रा में अफीम लेकर बुंडू की ओर से हजारीबाग होते हुए उत्तर प्रदेश जाने वाला है। सूचना मिलते ही एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर राँची-रामगढ़ रोड स्थित एनएच-20 के भेड़ा पुल के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।जांच के दौरान संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और दोनों तस्करों को पकड़ लिया।
सीट के नीचे बने गुप्त बॉक्स से निकली अफीम
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी घबराए हुए नजर आए, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद वाहन की तलाशी ली गई। जांच के दौरान सीट के नीचे बने एक विशेष बॉक्स पर पुलिस की नजर पड़ी। जब चाबी से बॉक्स खोला गया तो अंदर से अफीम जैसी गंध वाले कई पैकेट बरामद हुए।
तलाशी में कुल पांच पैकेट मिले, जिनमें तीन पैकेट का वजन 7 किलो और दो पैकेट का वजन 5 किलो था। कुल 12 किलो अफीम बरामद हुई। डीडी किट से जांच में यह पदार्थ अफीम पाया गया।
झारखण्ड से बंगाल तक फैला था नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद अफीम राँची के बुंडू, तमाड़ और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों से जुटाई गई थी। इसके बाद इसे ओरमांझी के रास्ते बिहार और उत्तर प्रदेश के बाजारों तक पहुंचाने की तैयारी थी।
पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों, सप्लायरों और खरीदारों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैअधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
पुलिस की सख्ती से तस्करों में हड़कंप
हाल के दिनों में राँची पुलिस द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और नेटवर्क से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

