11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत, टेंट खोलने के दौरान हुआ हादसा
राँची।जिले के तमार थाना क्षेत्र में 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय सुनील कुमार महतो, पिता स्वर्गीय राधा मोहन महतो, निवासी चायाडीह, पोस्ट-चिरुदीह, थाना तमाड़, जिला राँची के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा तमार थाना क्षेत्र के जनुमपीरी पोस्ट अंतर्गत डेरो गांव में हुआ। बताया जाता है कि सुनील कुमार महतो गांव निवासी शिवराम महतो के घर पर आयोजित एक कार्यक्रम के बाद टेंट खोलने का काम कर रहा था। इसी दौरान टेंट का सामान हटाते समय वह पास से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गया।
करंट लगते ही युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद तमाड़ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। इस दुखद घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि गांव में शोक का माहौल है।
तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है।

