सब्जी के बीच छिपा था सांप, डसते ही युवक ने किया ऐसा काम कि हर कोई रह गया हैरान

 

आरा। बिहार के आरा जिले से एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है। यहां सब्जी बेचने वाले एक युवक को सब्जी सजाने के दौरान सांप ने डस लिया। लेकिन घबराने के बजाय युवक ने ऐसा कदम उठाया, जिसकी इलाके में खूब चर्चा हो रही है।

जानकारी के अनुसार, नवादा थाना क्षेत्र के पावरगंज मोहल्ला निवासी सोनू कुमार रोज की तरह अपनी सब्जियां सजा रहा था। इसी दौरान नेनुआ के बीच छिपे एक सांप ने अचानक उसके हाथ में काट लिया। सांप के डसते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

हालांकि, सोनू ने हिम्मत नहीं हारी। उसने तुरंत सांप को मार दिया और उसे एक थैले में रख लिया। इसके बाद वह उसी थैले के साथ सीधे आरा सदर अस्पताल पहुंच गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी जांच कर तत्काल इलाज शुरू कर दिया।

घायल युवक ने बताया कि वह मोहल्ले में घूम-घूमकर सब्जी बेचने का काम करता है। सब्जी सजाने के दौरान अचानक सांप ने काट लिया, जिसके बाद वह इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा।

फिलहाल सोनू कुमार का इलाज जारी है और डॉक्टर उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। वहीं, सांप को मारकर अस्पताल पहुंचने की यह अनोखी घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

error: Content is protected !!