हजारीबाग:शांति और सुरक्षा पर प्रशासन का फोकस,डीसी-एसपी ने किया जुलूस मार्ग का निरीक्षण…मुहर्रम से पहले जिलेभर में छापेमारी और फ्लैग मार्च
हजारीबाग। मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर हजारीबाग जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार को उपायुक्त हेमन्त सती एवं पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने संयुक्त रूप से मुहर्रम जुलूस मार्ग, कर्बला स्थल तथा मेला स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने झंडा चौक, खिरगांव चौक, लोहसिंघना, मंडई कर्बला, पेलावल सहित छड़वा डैम स्थित मेला स्थल का भ्रमण किया। जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन करते हुए सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुहर्रम के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेडिकल कैंप, अस्थायी शौचालय तथा पेयजल आपूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही निर्धारित ट्रैफिक रूट प्लान के अनुसार यातायात संचालन करने का निर्देश दिया गया।अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। आम नागरिकों से आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल जानकारी प्रशासन को देने का आग्रह किया है।
इधर, मुहर्रम को लेकर पुलिस ने अवैध शराब और जावा महुआ के खिलाफ भी व्यापक अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बड़कागांव थाना क्षेत्र के असनाटांड़ और मुरली पहाड़ में छापेमारी कर लगभग 40 क्विंटल जावा महुआ को नष्ट किया गया।
वहीं डाडीकलां ओपी क्षेत्र के चेपाकला मेलाटांड़ में दो दुकानों पर छापेमारी कर 78 बोतल किंगफिशर बियर, 8 पीएम फुल बोतल और आइकॉनिक 180 एमएल की 10 बोतलें बरामद की गईं। पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।केरेडारी थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाते हुए लगभग 500 लीटर जावा महुआ को नष्ट किया।
इसके अलावा कटकमदाग थाना क्षेत्र के मसरातु, पसई, ढेंगुरा, कूद और सुल्ताना गांवों में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय एवं पुलिस निरीक्षक पेलावल अंचल के नेतृत्व में, अंचलाधिकारी की मौजूदगी में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से लोगों को शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया।
मुहर्रम को लेकर जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रशासन हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए है।

