धुएं की एक लकीर ने बचा ली तीन जिंदगियां, टोलकर्मियों की बहादुरी से टला बड़ा हादसा,कार जलकर राख..

 

 

राँची।कभी-कभी कुछ सेकंड की सतर्कता कई जिंदगियां बचा लेती है। बुधवार को राँची-रामगढ़ हाईवे पर ऐसा ही एक वाकया देखने को मिला, जब ओरमांझी के पुंदाग टोल प्लाजा के पास चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, लेकिन टोलकर्मियों की सूझबूझ और बहादुरी ने कार में सवार तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया।

घटना सुबह करीब 11:30 बजे की है। रामगढ़ से राँची की ओर आ रही एक डस्टर कार (जेएच 02बीवाई-9129) जैसे ही पुंदाग टोल प्लाजा पहुंची और टोल भुगतान के लिए रुकी, तभी वहां मौजूद कर्मचारियों की नजर कार से निकल रहे धुएं पर पड़ी। शुरुआत में किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही पलों में यह धुआं आग की भयावह लपटों में बदल जाएगा।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए टोलकर्मियों ने बिना समय गंवाए कार को धक्का देकर टोल प्लाजा से करीब 100 गज दूर सड़क किनारे पहुंचा दिया। उनका उद्देश्य साफ था,अगर आग टोल प्लाजा के पास भड़कती, तो वहां मौजूद अन्य वाहन और लोग भी इसकी चपेट में आ सकते थे।

इसके बाद कर्मचारियों ने तत्काल कार में बैठे तीनों यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग बुझाने के लिए उपलब्ध संसाधनों से कोशिश भी की गई, लेकिन शॉर्ट सर्किट से लगी आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार धू-धूकर जलने लगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर में आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते पूरा वाहन आग के गोले में बदल गया। हाईवे पर गुजर रहे वाहन चालक भी कुछ देर के लिए रुक गए और घटना को देखते रहे। आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही ओरमांझी पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को सूचना दी गई। हालांकि फायर ब्रिगेड की टीम करीब डेढ़ घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंच सकी। तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन वाहन को बचाया नहीं जा सका।इस हादसे में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।यदि टोलकर्मी समय रहते धुआं नहीं देखते और तत्काल कार्रवाई नहीं करते, तो यह घटना बड़े हादसे में बदल सकती थी।

स्थानीय लोगों ने भी टोलकर्मियों की बहादुरी और तत्परता की सराहना की। लोगों का कहना है कि उनकी सूझबूझ के कारण न केवल तीन लोगों की जान बची, बल्कि टोल प्लाजा और आसपास मौजूद अन्य वाहनों को भी संभावित खतरे से बचाया जा सका।

 

error: Content is protected !!