जमशेदपुर:चाकुलिया हवाई पट्टी के पास ‘रामलाल’ का रौब, दो घंटे तक सड़क बनी जंगल का दरबार

 

जमशेदपुर।झारखण्ड के पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया में गुरुवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब चर्चित जंगली हाथी रामलाल हवाई पट्टी के पास मुख्य सड़क पर आ धमका। नहर किनारे पहुंचकर उसने करीब दो घंटे तक ऐसा डेरा जमाया कि सड़क से गुजरने वाले वाहन भी थम गए और राहगीरों की सांसें अटक गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रामलाल ने पहले सड़क किनारे लगे खजूर के पेड़ों को उखाड़कर आराम से दावत उड़ाई। इसके बाद उसकी नजर सड़क से गुजर रहे वाहनों पर पड़ी। बांस लदा एक ट्रैक्टर जैसे ही उसके करीब पहुंचा, हाथी उसकी ओर बढ़ने लगा। स्थिति भांपते ही चालक ट्रैक्टर छोड़कर जान बचाने के लिए भाग निकला। हाथी ने कुछ देर तक ट्रैक्टर को पलटने की कोशिश भी की, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

मामला यहीं नहीं थमा। थोड़ी देर बाद एक हाईवा वहां से गुजर रही थी। रामलाल अचानक उसके सामने आकर खड़ा हो गया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन के भीतर ही खुद को सुरक्षित रखा और बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटाई।

करीब दो घंटे तक सड़क पर ‘रामलाल का राज’ चलता रहा। उसकी मौजूदगी के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में हाथी के जंगल की ओर लौटने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली और यातायात सामान्य हो सका।

स्थानीय लोगों का कहना है कि चाकुलिया क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों के सामने सुरक्षा की चुनौती बनी हुई है।

error: Content is protected !!