सिमडेगा में ACB की बड़ी कार्रवाई: मध्यान्ह भोजन फंड रिपोर्ट पास करने के बदले घूस लेते BPO अनिल खलखो रंगे हाथ गिरफ्तार

राँची/सिमडेगा।झारखण्ड में भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग लड़ रही भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB), राँची की टीम ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सिमडेगा जिले के केरसई स्थित BRCC कार्यालय में तैनात बीपीओ (BPO) अनिल खलखो को एसीबी की टीम ने ₹8,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरी कार्रवाई बुधवार, 24 जून 2026 को की गई, जिससे जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।यह पूरा मामला स्कूली बच्चों के मध्यान्ह भोजन के बजट और उसके प्रतिवेदन से जुड़ा है।

केरसई थाना क्षेत्र के टैंसर नवाटोली निवासी परिवादी रंजीत खाखा ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में एक लिखित आवेदन देकर इस बात की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, रंजीत खाखा के विद्यालय को मध्यान्ह भोजन में अंडा और फलाहार वितरण के लिए कुल ₹1,42,638 आवंटित किए गए थे, जिसमें पिछले वित्तीय वर्ष की बची हुई राशि भी शामिल थी। इसमें से वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान कुल ₹1,09,212 खर्च हुए और बाकी के करीब ₹33,426 शेष बच गए।

​जब रंजीत खाखा इस बची हुई राशि का ब्योरा और प्रतिवेदन (रिपोर्ट) जमा करने के लिए केरसई स्थित BRCC कार्यालय पहुंचे, तो वहां तैनात आरोपी बीपीओ अनिल खलखो ने उनकी मजबूरी का फायदा उठाना चाहा। अनिल खलखो ने प्रतिवेदन को पास करने और रिपोर्ट को आगे बढ़ाने के एवज में सीधे ₹15,000 की रिश्वत मांग दी। इतना ही नहीं, उसने रंजीत खाखा को धमकी भी दी कि यदि उन्होंने पैसे नहीं दिए, तो उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिख दिया जाएगा।

​चूंकि शिकायतकर्ता भ्रष्टाचार के आगे घुटने टेकने को तैयार नहीं थे, इसलिए उन्होंने आरोपी से घूस की रकम कम करने की मिन्नत की, जिसके बाद सौदा ₹8,000 में तय हुआ। इसके तुरंत बाद रंजीत खाखा ने राँची एसीबी को मामले की भनक दे दी। एसीबी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का विधिवत सत्यापन कराया, जिसमें बीपीओ द्वारा रिश्वत मांगे जाने की बात पूरी तरह सच पाई गई।

सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, राँची थाना में 23 जून 2026 को भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम-2018 की धारा-7(a) के तहत कांड संख्या-12/26 दर्ज कर प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और 24 जून 2026 को जैसे ही केरसई BRCC कार्यालय में अनिल खलखो ने शिकायतकर्ता से ₹8,000 की घूस ली, वैसे ही टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी बीपीओ को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।

error: Content is protected !!