Ranchi:पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ के कर्मियों ने तोड़ा बैरिकेडिंग की पत्थरबाजी,पुलिस ने नियंत्रण के लिए पहले वाटर कैनन फिर टियर गैस छोड़े,नहीं माने तो चलाया लाठी….

राँची। पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ के कर्मियों ने गुरुवार को विधानसभा का घेराव करने के दौरान जम कर प्रदर्शन किया। पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ी,उनपर पत्थरबाजी की। नियंत्रण के लिए पुलिस ने पहले समझाकर शांत करने की कोशिश की।फिर उनपर वाटर कैनन चलाया। इसके बाद टियर गैस भी छोड़ा। जब प्रदर्शनकारी नहीं शांत हुए तो पुलिस ने उनपर लाठीचार्ज कर दिया। दरअसल,गुरुवार को शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन पंचायत स्वयंसेवक,विधानसभा के घेराव करने जा रहे थे। लेकिन पुलिस ने उन्हें बीच में ही योगदा सतसंग कॉलेज से पहले वाले मार्ग पर रोक रखा था। लेकिन प्रदर्शन कारियों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे बढ़ने लगे। प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग हटाकर विधानसभा की ओर आगे जाना चाहते थे। लेकिन पुलिस ने उनको रोकने के लिए तीन जगहों पर बैरिकेडिंग लगा रखा था। मौके पर सिटी एसपी राजकुमार मेहता, ग्रामीण एसपी मनीष टोप्पो, एसडीओ दीपक दुबे, हटिया डीएसपी राजा कुमार मित्रा, वहां तैनात मजिस्ट्रेट,संजय महतो धुर्वा,जगरनाथपुर, नगड़ी और पुंदाग थाना प्रभारी सहित सैकड़ों पुलिस बल तैनात थे। समाचार लिखे जाने तक उनका प्रदर्शन जारी है।

देखें वीडियो

स्थायीकरण व वेतनमान को लेकर चल रहा है इनका प्रदर्शन

पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ की मांग है कि उन्हें स्थायी किया जाए और वेतनमान दिया जाए। कर्मियों का कहना था कि हेमंत सोरेन सरकार ने चुनाव के दौरान वादा किया था कि संविदाकर्मियों का स्थायीकरण किया जाएगा। उनको वेतनमान मिलेगा। सरकार गठन को 4 साल बीत गए लेकिन उन्होंने वादा नहीं निभाया। यह भी कहा गया था कि नई नियुक्तियों की जगह समायोजन किया जाएगा वे स्थायी होगे। उन्हें वेतनमान भी मिलेगा। प्रदर्शनकारी स्वयंसेवकों ने कहा कि सरकार ने उनकी मांगों के प्रति कोई सकारात्मक रुख नहीं दिखाया है। महिला कर्मियों ने कहा कि अगले चुनाव में बताएंगे कि लाठी चलाने का परिणाम क्या होता है। प्रदर्शन कर रहे कर्मी लाठी चार्ज की घटना के बाद काफी उग्र और रोष में थे। वे लगातार सरकार विरोधी नारे बाजी कर रहे थे।

प्रदर्शनकारी जमे हैं,रात 8 बजे की तस्वीर

पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी को चोटें लगी-पुलिस

पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियो ने पहले तो पुलिसकर्मियों के साथ धक्का मुक्की की फिर बैरिकेडिंग तोड़ आगे बढ़ने लगे।उसके बाद भीड़ में से पत्थरबाजी करने लगे।जिससे आधा दर्जन पुलिसकर्मी को चोट लगी है।

इधर प्रदर्शनकारियों के कहना था कि पुलिस ने उसे दौड़ा दौड़ाकर पीटा है। महिलाओं के ऊपर भी लाठी चलाया,कई महिला और पुरुष घायल हुए है।जिसे खुद पुलिस ने अस्पताल भेजा है।