Ranchi:मुहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, केंद्रीय शांति समिति की बैठक में बनी रणनीति…
राँची।आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और विधि-सम्मत तरीके से संपन्न कराने को लेकर शनिवार को राँची में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों और समुदायों से आए गणमान्य लोगों के साथ मुहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आपसी भाईचारा कायम रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने आम लोगों से पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने और किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
बैठक के दौरान संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की पहचान, जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ पोस्ट पर कड़ी नजर रखी जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य सभी समुदायों की समस्याओं और सुझावों को सुनना तथा आपसी समन्वय के साथ मुहर्रम पर्व को हर्षोल्लास एवं शांति के वातावरण में संपन्न कराना है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), पुलिस अधीक्षक (यातायात), अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), उप समाहर्ता जिला नजारत समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए सामाजिक कार्यकर्ता, शांति समिति के सदस्य और गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए।

