बारात की खुशियां मातम में बदलीं: लौटते वक्त पेड़ से टकराई कार, दूल्हे के पिता समेत दो की मौत
गुमला। शादी की खुशियों के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। बसिया प्रखंड के लोंगा गांव से कुम्हारी गई बारात जब शनिवार सुबह वापस लौट रही थी, तभी पालकोट थाना क्षेत्र के काली मंदिर के पास एक ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में दूल्हे के पिता समेत दो लोगों की जान चली गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब छह से सात बजे के बीच चालक को झपकी आ गई, जिससे कार का नियंत्रण बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन चला रहे कलेश्वर साहू की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल दीनबंधु साहू को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया था, लेकिन भरनो के पास रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि दीनबंधु साहू दूल्हे के पिता थे, जिनकी मौत से शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।दुर्घटना में बालमुकुंद साहू (75 वर्ष), मनोज ठाकुर (55 वर्ष), रामदरस पांडेय (53 वर्ष) और संदीप साहू (28 वर्ष) घायल हुए हैं। सभी का इलाज सदर अस्पताल गुमला में जारी है।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य चलाकर घायलों को पालकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लिया और दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
एक ओर घर में शादी की रस्मों की खुशियां थीं, दूसरी ओर लौटते समय हुए इस हादसे ने पूरे गांव और परिवार को गम में डुबो दिया। चालक की एक पल की झपकी ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए और जश्न का माहौल मातम में बदल गया।

