सरायकेला:चौकेगड़िया मैदान में खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी, हत्या या हादसा, जांच में जुटी पुलिस
सरायकेला।झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड मुख्यालय के समीप चौकेगड़िया मैदान में एक बुजुर्ग का खून से सना शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। शनिवार सुबह शव मिलने की खबर आग की तरह फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।मृतक की पहचान कुकड़ू के ईचाडीह पंचायत के चौका- आदरडीह गांव निवासी सनातन गोप (70) के रूप में की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मैदान में शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा हुआ था। मृतक के पास उसकी साइकिल और एक टॉर्च भी बरामद हुई है। शव पर खून के निशान मिलने के कारण लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ग्रामीणों का मानना है कि घटना देर शाम या रात के दौरान हुई होगी। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह हत्या का मामला है, किसी दुर्घटना का परिणाम है या फिर इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
घटना की सूचना मिलते ही तिरुलडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना से संबंधित जानकारी जुटाई.शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सनातन गोप क्षेत्र के परिचित व्यक्ति थे।अचानक इस तरह उनका शव मिलने से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में शोक और भय का माहौल है। घटना के बाद परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।प्रखंड मुख्यालय के नजदीक खुले मैदान में शव मिलने की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सनातन गोप की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

