हेलमेट नहीं पहनने की भारी कीमत: बिजली के खंभे से टकराई बाइक, दो होमगार्ड जवानों की मौत

जमशेदपुर।झारखण्ड के पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी थाना क्षेत्र के पारुलिया शिव मंदिर के समीप बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई, जिससे दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान छोलागोड़ा निवासी बलराम हांसदा (27) और सुरजीत हांसदा (30) के रूप में हुई है। दोनों अपाचे बाइक से मुसाबनी से अपने गांव लौट रहे थे। बताया जाता है कि पारुलिया शिव मंदिर के पास बाइक चला रहे युवक का संतुलन अचानक बिगड़ गया और बाइक सीधे सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा भिड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को उठाकर डुमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. पराव माझी ने बलराम हांसदा को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल सुरजीत हांसदा को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया। एमजीएम में जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक एक अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने छोलागोड़ा नदी घाट गए थे। वहां से किसी जरूरी सामान की खरीदारी के लिए मुसाबनी पहुंचे थे और वापस लौटने के दौरान यह हादसा हो गया।
परिजनों ने बताया कि दोनों युवक होमगार्ड में कार्यरत थे। दुर्घटना की खबर मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे, जहां चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित जुट गए।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दोनों युवकों ने हेलमेट पहन रखा होता तो शायद उनकी जान बच सकती थी। हादसे में दोनों के सिर पर गंभीर चोट लगी थी, जो उनकी मौत का प्रमुख कारण बनी।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि तेज रफ्तार वाहनों, ट्रिपल राइडिंग और ओवरलोड हाईवा पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने से लगातार हादसे हो रहे हैं। लोगों ने सड़क सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने और जागरूकता बढ़ाने की मांग की है।

