राजधानी राँची में देर रात RSS दफ्तर पर हमला, पेट्रोल बम फेंककर फरार हुए हमलावर…सीसीटीवी में कैद हुई वारदात…

 

राँची।झारखण्ड की राजधानी राँची में देर रात एक बेहद सनसनीखेज घटना सामने आया है।चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालय को निशाना बनाते हुए दो अज्ञात युवकों ने कथित तौर पर पेट्रोल बम से हमला करने की कोशिश की। घटना के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात दो हमलावर सॉस की बोतलों में पेट्रोल भरकर RSS कार्यालय परिसर में फेंका है। राहत की बात यह रही कि बड़ा हादसा टल गया, लेकिन घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर ला दिया है।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

घटना का पूरा घटनाक्रम आसपास लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गया है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दो युवक कार्यालय के पास पहुंचते हैं और पेट्रोल से भरी बोतलें फेंकने का प्रयास करते हैं। पहली बोतल फेंकते समय उसमें लगी जलती सुतली जमीन पर गिर गई, जिसके बाद दूसरी बोतल भी फेंकी गई। जोर से धमाका हुआ है।फुटेज अब पुलिस जांच का सबसे अहम आधार बन गया है।

अपराधियों की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए राँची के एसएसपी राकेश रंजन ने सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में आधा दर्जन से अधिक विशेष टीमों का गठन किया है। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और संदिग्धों की पहचान में जुटी हुई है। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मौके पर जांच कर रही है, जबकि तकनीकी सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है।एसएसपी राकेश रंजन ने साफ कहा है कि इस घटना में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस आसपास के सभी CCTV फुटेज खंगाल रही है।अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है।

RSS कार्यालय पहुंचे भाजपा नेता, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना की सूचना मिलते ही भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबुलाल मरांडी,राँची के सांसद सह रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ,विधायक सीपी सिंह सहित कई कार्यकर्ता RSS कार्यालय पहुंचे। भाजपा नेताओं ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

RSS जैसे प्रमुख संगठन के कार्यालय को निशाना बनाने की कोशिश ने राजधानी राँची में सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि हमला किसी बड़ी साजिश का हिस्सा था या असामाजिक तत्वों की हरकत।फिलहाल पूरा शहर इस घटना से स्तब्ध है और लोगों की निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

error: Content is protected !!