बाल गृह से चार नाबालिग गायब, तीन दिन बाद पुलिस तक पहुंची सूचना…

 

गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। शहर के दुंदुरिया स्थित बाल गृह से चार नाबालिग बच्चे रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। बच्चों के गायब होने की घटना के तीन दिन बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद अब उनकी तलाश तेज कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, बाल गृह में सात बच्चे रह रहे थे। कुछ दिन पहले सभी बच्चे शाम के समय बाल गृह के बाहर स्थित लूथेरान मैदान में खेलने गए थे। खेल के दौरान चार बच्चे अचानक लापता हो गए। काफी देर तक उनके वापस नहीं लौटने पर बाल गृह प्रबंधन ने अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

बताया जा रहा है कि लापता बच्चों की उम्र 12 से 15 वर्ष के बीच है। इनमें भरनो के सिंगरौली गांव, सिसई के नागफेनी और बसिया क्षेत्र के बच्चे शामिल हैं, जबकि एक बच्चे को पहले छत्तीसगढ़ से लाकर बाल गृह में रखा गया था। सभी बच्चों को अनाथ बताया जा रहा है और उनके परिजनों के बारे में भी स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं है।

घटना के तीन दिन बाद बाल गृह प्रबंधन ने सदर थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से मदद मांगी। आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने बच्चों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है और संभावित स्थानों पर छानबीन जारी है।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बच्चे अपनी मर्जी से कहीं चले गए हैं या फिर उनके गायब होने के पीछे कोई अन्य वजह है। फिलहाल चारों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। समय बीतने के साथ प्रशासन और बाल गृह प्रबंधन की चिंता बढ़ती जा रही है। बच्चों की सुरक्षित बरामदगी को लेकर पुलिस की जांच पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

error: Content is protected !!