बिहार के बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा:तीन थाना प्रभारी सहित चार की मौत..खड़े ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार कार,पटना में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेकर लौट रहे थे….
बेगूसराय।बिहार के बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर बखड्डा ढाला के समीप गुरुवार की रात करीब ढाई बजे हुए भीषण सड़क हादसे में चार पुलिसकर्मियों की मौत हो गई।बताया जाता है कि मृतकों में मधेपुरा जिले में पदस्थापित तीन थानाध्यक्ष भी शामिल हैं। सभी पुलिसकर्मी पटना से प्रशिक्षण लेकर लौट रहे थे। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर फैल गई।शुरुआती जानकारी के अनुसार, पुलिसकर्मियों का वाहन बखड्डा ढाला के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस हादसे में तीन पुलिसकर्मियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल पुलिसकर्मी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस प्रकार हादसे में कुल चार पुलिसकर्मियों की जान चली गयी।मृतकों में रतवारा थानाध्यक्ष साजन कुमार पासवान, अरार थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र अमरेंद्र तथा बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार शामिल बताए जा रहे हैं। वाहन चालक (प्राइवेट) मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज का निवासी था।
घटना की सूचना मिलने पर साहेबपुर कमाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया। दुर्घटना के कारणों एवं घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
हादसे में मरने वाले पुलिसकर्मियों के नाम
1.रतवारा थानाध्यक्ष – साजन कुमार पासवान
2.अरार थानाध्यक्ष- ज्ञानेंद्र अमरेंद्र
3.बेलारी थानाध्यक्ष- नीरज कुमार
साजन कुमार पासवान कटिहार, ज्ञानेंद्र अमरेंद्र कैमूर और नीरज कुमार रोहतास, डेहरी के निवासी थे। वाहन चालक(प्राइवेट) ज्योतिष कुमार मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज का निवासी था।
मधेपुरा जिले में पदस्थापित तीनों थाना प्रभारी पटना में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के बाद एक ही कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। ट्रक से टक्कर इतनी भयावह थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
हादसे में रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल बेगूसराय ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार, सदर डीएसपी आनंद पांडेय समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
एक साथ तीन थाना प्रभारियों और एक चालक की मौत से पुलिस विभाग में गहरा शोक व्याप्त है। साथी अधिकारियों और कर्मियों ने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

