Ranchi:मामूली विवाद ने लिया खौफनाक रूप,युवक का कान दांत से काट कर किया अलग.
राँची। राजधानी के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में एक खौफनाक घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने हिंसा का ऐसा रूप ले लिया कि एक युवक का कान दांत से काटकर अलग कर दिया गया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार, इस्लाम नगर निवासी 20 वर्षीय समीर अंसारी बाथरूम से निकलकर अपने घर जा रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के ही कुछ लोग वहां पहुंचे और अचानक उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। बात बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि शाहरुख नामक युवक ने हमले के दौरान समीर के बाएं कान को दांत से काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद काफी मात्रा में खून बहने लगा और आसपास अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित ने बताया कि मारपीट में शामिल अन्य लोगों में फारूख, एकराम उर्फ बिल्ला, अब्दुल हमीद और राजू (दामाद) भी शामिल थे, जो सभी एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं। घटना के बाद घायल समीर ने स्थानीय थाना में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

