राँची पुलिस का सुपरफास्ट एक्शन: धनबाद से पांच दिनों से लापता नाबालिग रेलवे स्टेशन से बरामद, 3 घंटे में सफल हुआ ‘ऑपरेशन रेस्क्यू’

 

राँची।राजधानी राँची की चुटिया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई और बेहतर पुलिस समन्वय का शानदार उदाहरण पेश करते हुए धनबाद से गायब हुई 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को महज तीन घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। धनबाद पुलिस से इनपुट मिलते ही राँची पुलिस हरकत में आई और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान नाबालिग को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।आगे जांच और कार्रवाई जारी है।

पुलिस के अनुसार गुरुवार को धनबाद एसएसपी ने राँची एसएसपी राकेश रंजन से संपर्क कर गायब नाबालिग की लोकेशन साझा की। सूचना मिली कि लड़की राँची के स्टेशन रोड इलाके में मौजूद है। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर चुटिया थाना पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया।थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पूनम कुजूर के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर निरंजन महतो, भवेश कुमार और जितेंद्र मिश्रा की टीम ने राँची रेलवे स्टेशन के आसपास घेराबंदी कर सघन छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस की रणनीतिक कार्रवाई रंग लाई और नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया गया।

क्या है पूरा मामला?
मामला धनबाद जिले के परसबनिया (नदखुरकी) का है। पीड़िता के पिता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री 6 जून की सुबह घर से बाहर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की खोजबीन के दौरान दो संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जानकारी मिली, जिनसे लड़की की बातचीत हुई थी। ट्रूकॉलर पर एक नंबर ‘विकास कुमार’ के नाम से प्रदर्शित हुआ,जिसके आधार पर अपहरण की आशंका जताई गई।शिकायत के आधार पर मधुबन थाना में बीएनएस की धारा-96 के तहत कांड संख्या 24/26 दिनांक 07 जून 2026 को दर्ज किया गया था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी।बीते पांच दिनों से किशोरी की तलाश में पुलिस की कई जगहों पर छापेमारी चल रही थी।इसी बीच आज लोकेशन राँची में मिला।उसके बाद राँची पुलिस की मदद मांगी गई।

इधर,नाबालिग की बरामदगी के बाद चुटिया थाना पुलिस ने तत्काल धनबाद पुलिस को इसकी सूचना दे दी। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और लड़की को धनबाद पुलिस को सौंपने की तैयारी चल रही है।

इस पूरे ऑपरेशन में राँची और धनबाद पुलिस के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिला। महज तीन घंटे में नाबालिग की सुरक्षित बरामदगी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि समय पर मिली सूचना और तेज पुलिस कार्रवाई किसी भी बड़ी घटना को टाल सकती है।राँची पुलिस की इस क्विक रिस्पॉन्स कार्रवाई की हर तरफ सराहना हो रही है और ‘ऑपरेशन रेस्क्यू’ को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

इधर,पुलिस सूत्रों से जानकारी मिली है कि किशोरी केरलम जाने के लिए रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी।केरलम कौन ले जा रहा था।इसकी जांच के बाद ही पता चलेगा।

error: Content is protected !!