छापेमारी के दौरान बवाल:पथराव में घिरी पुलिस, हाथ से निकला साइबर अपराधी…
गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले में एक साइबर अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर उस समय फिल्मी अंदाज में हमला हो गया,जब आरोपी को पकड़ने की कार्रवाई चल रही थी। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया,भीड़ ने पुलिस का विरोध शुरू कर दिया और फिर पथराव की बौछार होने लगी। इस अफरा-तफरी का फायदा उठाकर साइबर अपराधी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।
घटना अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चिकसोरिया गांव की है। बताया जाता है कि चामलिटी गांव निवासी साइबर अपराधी चुरामण मंडल अपने ससुराल में छिपकर रह रहा था। गुप्त सूचना मिलने पर गिरिडीह साइबर पुलिस ने गांव में दबिश दी। पुलिस टीम जैसे ही आरोपी तक पहुंचने लगी, उसे अपने चारों ओर शिकंजा कसता नजर आया।
आरोप है कि चुरामण मंडल और उसके सहयोगियों ने स्थानीय लोगों को साथ लेकर पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। कुछ ही मिनटों में विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस टीम पर हमला और पथराव शुरू हो गया। पत्थरों की मार से पुलिस का पेट्रोलिंग वाहन क्षतिग्रस्त हो गया,जबकि कई पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं।हंगामे के बीच चुरामण मंडल मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिसकर्मी हालात संभालने में जुटे रहे और आरोपी भीड़ की आड़ लेकर आंखों के सामने से निकल गया।
अहिल्यापुर थाना प्रभारी ऐनुल हक खान ने बताया कि साइबर अपराधी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही थी, लेकिन ग्रामीणों और परिजनों द्वारा पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। मामले में 5 से 7 नामजद और 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस का कहना है कि हमले में शामिल लोगों और अपराधी को भगाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं फरार साइबर अपराधी और उसके सहयोगियों की तलाश में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

