Ranchi:वाहन जांच के दौरान ट्रैफिक पुलिस पर हमला,चुटिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दो आरोपी सलाखों के पीछे..
राँची।राजधानी राँची के चुटिया थाना क्षेत्र के मुंडा चौक (सीरम टोली) के पास वाहन चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी, गाली-गलौज और मारपीट/हाथापाई करने वाले दो युवकों को चुटिया पुलिस ने फौरन गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
क्या है मामला?
चुटिया थाना क्षेत्र के मुंडा चौक पर मंगलवार रात गलत दिशा से आ रहे स्कूटी सवार दो युवकों ने रोकने पर ऑन-ड्यूटी एएसआई (यातायात) के साथ गाली-गलौज की और उन पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना को लेकर चुटिया थाने में केस दर्ज (81/26) किया गया ।दर्ज शिकायत के अनुसार, ट्रैफिक एएसआई विश्वजीत कुमार सिंह 9 जून 2026 की रात करीब 8:00 बजे मुंडा चौक पर यातायात ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान बहू-बाजार की तरफ से एक स्कूटी (JH01FB-6740) पर सवार दो युवक गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से मुंडा चौक की तरफ आ रहे थे। स्कूटी पर नंबर प्लेट नहीं थी और उसकी जगह टेप चिपकाया हुआ था।जब सब-इंस्पेक्टर ने नियम उल्लंघन को लेकर दोनों युवकों को रोका, तो वे भड़क गए और उग्र हो गए। स्कूटी पर पीछे बैठे युवक ने पुलिसकर्मी को मां की भद्दी-भद्दी गालियां देनी शुरू कर दीं और मारपीट पर उतारू हो गया।धक्का मुक्की में एएसआई का कीमती पावर का चश्मा टूट गया और वे जमीन पर गिर गए।घटना के बाद मौके पर मौजूद सहयोगी एएसआई धर्मेन्द्र कुमार सिंह और आरक्षी कौशल किशोर सिंह ने तुरंत बीच-बचाव किया और घायल पुलिसकर्मी को उठाया। पुलिसकर्मियों को हावी होता देख दोनों आरोपी युवक वहां से उलझते हुए भाग निकले। बीच सड़क पर हुई इस दबंगई के कारण मुंडा चौक पर काफी देर तक अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति बनी रही।
वही,चुटिया थाना पुलिस ने पीड़ित यातायात पुलिसकर्मी विश्वजीत कुमार सिंह के आवेदन पर सरकारी काम में बाधा डालने और जानलेवा हमला करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस स्कूटी नंबर के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए देर रात छापेमारी शुरू की।
चुटिया थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पूनम कुजूर ने सब-इंस्पेक्टर जितेंद्र मिश्रा,निरंजन महतो और थाना के अन्य जवान के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को कुछ ही घन्टे में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित कुमार (अमरावती कॉलोनी, चुटिया) और मोहित कुमार (कृष्णापुरी, चुटिया) के रूप में हुई है। दोनों को सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने के आरोप में बुधवार को जेल भेज दिया गया।
इस पूरे मामले में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने संयम और साहस का परिचय देते हुए अपनी ड्यूटी निभाई। वहीं चुटिया थाना प्रभारी पूनम कुजूर ने बिना देर किए आरोपियों को गिरफ्तार कर यह संदेश दिया कि कानून के रखवालों के साथ अभद्रता और हिंसा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस सख्त और त्वरित कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में स्पष्ट संदेश गया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय है।ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हाथ उठाने वालों को चुटिया पुलिस ने दिखाया कानून का असली चेहरा, कुछ ही घंटों में दोनों आरोपी पहुंचे जेल।

