राँची के स्टेशन रोड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई:गिरिडीह में दंपती हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार

 

 

राँची।झारखण्ड के गिरिडीह जिले के चर्चित दंपती हत्याकांड में फरार चल रहे दो आरोपियों को राँची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरिडीह पुलिस की सूचना पर चुटिया थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पूनम कुजूर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्टेशन रोड क्षेत्र में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी गिरिडीह जिले के मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत छछंदो पंचायत के तिरिलटांड़ गांव में हुए दंपती हत्याकांड के बाद फरार हो गए थे। गिरफ्तार आरोपियों में सोनाराम हांसदा उर्फ रमेश और पांडू हांसदा का नाम सामने आया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है।

दरअसल, 2 जून की देर रात अज्ञात अपराधियों ने 35 वर्षीय पतिया हांसदा और उनकी पत्नी परणी देवी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था। हमले में पतिया हांसदा की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल परणी देवी को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

घटना के बाद गिरिडीह पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में गिरिडीह एसपी ने राँची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन से संपर्क कर आरोपियों के राँची में होने की सूचना दी। एसएसपी के निर्देश पर चुटिया थाना प्रभारी पूनम कुजूर और सब-इंस्पेक्टर निरंजन महतो ने टीम के साथ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्टेशन रोड से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल गिरिडीह पुलिस राँची पहुंच रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को गिरिडीह पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

 

error: Content is protected !!