प्रेम कहानी का खूनी अंत: जीजा ने बदले की आग में साले को मार डाला,दो गिरफ्तार
हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की है। बरही थाना क्षेत्र के करसो पुल के पास मंगलवार को ओकनी निवासी विक्की कुमार सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर तत्काल विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्यारा कोई और नहीं, बल्कि मृतक का अपना जीजा निकला।
गिरफ्तार आरोपी विक्रम कुमार (25) मृतक विक्की कुमार सोनी का जीजा है, जबकि उसका सहयोगी दिलीप कुमार (25) मृतक का दोस्त बताया गया है। पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि हत्या की जड़ में लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक विवाद और प्रेम प्रसंग था। एसपी अमन कुमार के अनुसार, आरोपी विक्रम कुमार का मृतक की छोटी बहन के साथ प्रेम संबंध था, जिसका विक्की लगातार विरोध करता था। बाद में विक्रम ने युवती को भगाकर उससे शादी कर ली थी। इसी घटना के बाद दोनों के बीच गहरा विवाद और दुश्मनी पैदा हो गई थी।
पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश का बदला लेने के लिए विक्रम ने अपने ही साले विक्की कुमार सोनी को मौत के घाट उतारने की साजिश रची और अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी केवल इस हत्या तक सीमित नहीं हैं। पूछताछ में उन्होंने हजारीबाग समेत कई जिलों में हुई लूट, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। दोनों के खिलाफ बिहार के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, मारपीट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, ड्रग्स तस्करी और उत्पाद अधिनियम से जुड़े कई मामले पहले से दर्ज हैं।हालांकि हत्या में इस्तेमाल हथियार अभी बरामद नहीं हो सका है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इस हत्याकांड ने न सिर्फ दो परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया है, बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिस रिश्ते को विश्वास और सम्मान का प्रतीक माना जाता है, उसी रिश्ते में हुए खून-खराबे ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है। कोई बहन के फैसले को जिम्मेदार ठहरा रहा है तो कोई जीजा के खूनी कदम की निंदा कर रहा है। फिलहाल, पूरे क्षेत्र में इस घटना की चर्चा है और लोग रिश्तों में बढ़ती कटुता पर चिंता जता रहे हैं।
हजारीबाग पुलिस की तत्परता और 24 घंटे के भीतर किए गए खुलासे की हर ओर सराहना हो रही है, जिसने एक सनसनीखेज हत्याकांड की परतें तेजी से खोलकर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

