पाकुड़:बारातियों से भरी बस पलटी,दो की मौत,कई घायल…

 

पाकुड़।झारखण्ड के पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के सिंगारसी-अमड़ापाड़ा मुख्य पथ स्थित मालीपाड़ा ढलान पर सोमवार देर रात बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई।हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए।मृतकों की पहचान महेशपुर थाना क्षेत्र के परियारदाहा गांव निवासी ओलेन मुर्मू (64) और राजेश टुडू (16) के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार बस (डब्ल्यूबी 11 बी 3541) महेशपुर के परियारदाहा गांव से बारात लेकर गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र स्थित कदम पहाड़पुर गांव गई थी। विवाह समारोह संपन्न होने के बाद बाराती बस से वापस लौट रहे थे।इसी दौरान मालीपाड़ा ढलान पर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और बस सड़क किनारे पलट गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद करीब 20 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

घायलों में प्रदीप मुर्मू, डेड हांसदा, जोसेन मुर्मू, सुहागनी किस्कू, राखिसोल सोरेन और मरंगम्य सोरेन समेत कई लोग शामिल हैं।पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ भेज दिया है।घटना के बाद परियारदाहा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है।

error: Content is protected !!