Ranchi:20 हजार रुपये की चोरी का आरोप, ‘सच्चाई की परीक्षा’ के नाम पर युवक के हाथ उबलते गोबर में डलवाए; कई उंगलियां झुलसकर हुईं क्षतिग्रस्त,आरोपी फरार…

 

राँची।झारखण्ड की राजधानी राँची से महज 40 किलोमीटर दूर नरकोपी थाना क्षेत्र के सरवा गांव में अंधविश्वास और अमानवीयता की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मात्र 20 हजार रुपये की कथित चोरी के आरोप में एक 18 वर्षीय युवक को ऐसी यातना दी गई कि उसके दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए, जबकि कुछ उंगलियां भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गईं।

जानकारी के अनुसार, सरवा गांव निवासी दिलीप उरांव पर उसके पड़ोसी ने 20 हजार रुपये चोरी करने का आरोप लगाया था। दिलीप लगातार खुद को बेगुनाह बताता रहा, लेकिन आरोप लगाने वाले ने सच्चाई जानने के नाम पर अंधविश्वास का सहारा लिया। गांव में प्रचलित एक तथाकथित “चोरी पकड़ने की विधि” के तहत गोबर और पानी के मिश्रण को खौलाकर उसमें दिलीप के दोनों हाथ डलवा दिए गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक दर्द से चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन किसी ने उसकी नहीं सुनी। कुछ ही मिनटों में उसके दोनों हाथ गंभीर रूप से झुलस गए। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए राँची के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना के बाद ग्रामीणों के समझाने पर पीड़ित की मां सुमी उरांव ने नरकोपी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उबलते गोबर मिश्रित पानी में हाथ डलवाने से उनके बेटे के दोनों हाथ बुरी तरह जख्मी हो गए और कुछ उंगलियां भी झुलसकर नष्ट हो गईं।

पुलिस ने कांड संख्या 14/2026 के तहत बीएनएस की धारा 124(1), 217(3) और 3(5) में मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। नरकोपी थाना प्रभारी ने कहा कि आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

error: Content is protected !!