पलामू के पांकी में बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या, क्षेत्र में सनसनी,जांच में जुटी पुलिस..
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के करार पंचायत के नादगाद गांव में मंगलवार रात अज्ञात अपराधियों ने 66 वर्षीय बुजुर्ग धनराज भुइयां की बेरहमी से हत्या कर दी।बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गये और स्थानीय प्रशासन को इसकी सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंची।पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अपराधियों की धरपकड़ और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर गहन छानबीन शुरू कर दी है।
शुरुआती जांच में पुलिस आपसी रंजिश, लूटपाट या किसी पुरानी दुश्मनी के दृष्टिकोण से मामले को देख रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गयी है और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जायेगा।इधर परिजनों और स्थानीय लोगों ने खोजी कुत्तों और फॉरेंसिक एंगल से जांच की मांग की है।
वारदात की सूचना मिलते ही जिला परिषद मध्य सदस्य खुशबू कुमारी तुरंत पीड़ित परिवार के घर पहुंचीं। उन्होंने रोते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया और इस दुखद घड़ी में हरसंभव मदद का भरोसा दिया। खुशबू कुमारी ने इस घटना पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना बेहद कायराना और निंदनीय है।शांत इलाके में इस तरह की वारदात कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ी करती है। मैं प्रशासन से मांग करती हूं कि बिना किसी दबाव के निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को चौबीस घंटे के भीतर सलाखों के पीछे भेजा जाये।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की है।ग्रामीणों का कहना है कि गांव में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाये ताकि भविष्य में ऐसी कोई अप्रिय घटना न हो।फिलहाल गांव में तनाव और मातम पसरा हुआ है, और हर कोई सिर्फ एक ही सवाल पूछ रहा है कि आखिर एक बेगुनाह बुजुर्ग की जान का दुश्मन कौन था।
इस जघन्य अपराध के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पूरे गांव में शोक और भय का माहौल व्याप्त है। हालांकि लोग परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं बावजूद इसके आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।जो भी लोग वहां पहुंच रहे हैं उनकी आंखें नम हो जा रही है।

