झारखण्ड सूचना आयोग को मिले चार नए आयुक्त, राज्यपाल ने शर्तों के साथ दी मंजूरी

 

राँची।लंबे समय से लंबित झारखण्ड राज्य सूचना आयोग में सूचना आयुक्तों की नियुक्ति का मामला आखिरकार सुलझ गया है। राज्यपाल की मंजूरी के बाद चार नए सूचना आयुक्तों की नियुक्ति कर दी गई है। नियुक्त किए गए आयुक्तों में अनुज कुमार सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखो और शिवपूजन पाठक शामिल हैं।

इन नामों की अनुशंसा मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने 25 मार्च को की थी। समिति ने चारों नामों का प्रस्ताव राजभवन को भेजा था, जिसके बाद नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ी।हालांकि, राजभवन ने प्रारंभिक स्तर पर उन उम्मीदवारों को लेकर चिंता जताई थी जिनके सक्रिय राजनीतिक दलों से जुड़े होने की चर्चा थी। इस संबंध में राज्यपाल ने मुख्य सचिव से स्थिति स्पष्ट करने को कहा था और फाइल वापस भेजी थी। आवश्यक स्पष्टीकरण मिलने के बाद नियुक्तियों को मंजूरी प्रदान की गई।

राज्यपाल ने इन नियुक्तियों को कुछ महत्वपूर्ण शर्तों के साथ स्वीकृति दी है। उन्होंने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि राज्य सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति भी जल्द से जल्द सुनिश्चित की जाए, ताकि आयोग की कार्यप्रणाली प्रभावी और निर्बाध रूप से संचालित हो सके।
साथ ही, राज्यपाल ने यह भी स्पष्ट किया है कि नियुक्ति प्रक्रिया में यदि भविष्य में कोई प्रक्रियागत त्रुटि सामने आती है या फिर उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन को लेकर कोई विवाद उत्पन्न होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।

इन नियुक्तियों के साथ ही लंबे समय से रिक्त पड़े सूचना आयोग को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे सूचना के अधिकार से जुड़े मामलों के निपटारे में तेजी आ सकती है।

error: Content is protected !!