राँची के अनगड़ा में सर्पदंश से पिता-पुत्र की मौत, गांव में मातम
राँची। जिले के अनगड़ा प्रखंड स्थित बैजनाथ टाटा गांव में विषैले करैत सांप के डंसने से पिता और पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुधीर महतो (35 वर्ष) और उनके 10 वर्षीय पुत्र रितेश महतो के रूप में हुई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी के कारण सुधीर महतो अपने पुत्र रितेश के साथ कच्चे मकान के अंदर जमीन पर सोए हुए थे। रात करीब एक बजे एक विषैले करैत सांप ने दोनों को डंस लिया। हालांकि, गहरी नींद में होने के कारण उन्हें इसका एहसास नहीं हो सका।कुछ देर बाद रितेश को उल्टी होने लगी, जिससे परिजनों की नींद खुली। इसी दौरान घरवालों ने कमरे में सांप को भी देखा, लेकिन पिता-पुत्र ने खुद को सांप द्वारा काटे जाने की आशंका से इनकार कर दिया। इसके बाद सभी दोबारा सो गए।
सुबह होते-होते दोनों की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय पहले झाड़-फूंक कराने में जुट गए। जब हालत बेहद गंभीर हो गई, तब दोनों को इलाज के लिए रिम्स ले जाया गया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना के समय सुधीर महतो की पत्नी अपनी बेटी के साथ दूसरे कमरे में सो रही थीं, जिसके कारण वे दोनों सुरक्षित बच गईं। रिम्स में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।घटना पर ग्रामीणों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। भाजपा नेता अमरनाथ चौधरी तथा पूर्व मुखिया मधुसूदन मुंडा ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकार द्वारा निर्धारित 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करने की मांग की है।

