कोवाली थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप: वृद्ध को रातभर पीटने और रिश्वत मांगने की शिकायत, एसएसपी से कार्रवाई की गुहार

 

जमशेदपुर।झारखण्ड के पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड के हेंसड़ा गांव में रहने वाले करण बेरा ने कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि थाना प्रभारी ने उनके पिता श्यामा प्रसाद बेरा के साथ मारपीट की, उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी और एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की।

करण बेरा के अनुसार, उनके पिता श्यामा प्रसाद बेरा लंबे समय से शुगर और उच्च रक्तचाप से पीड़ित हैं तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण सामान्य रूप से चलने-फिरने में भी असमर्थ रहते हैं। इसके बावजूद 6 जून की देर रात पुलिस उनके घर पहुंची और गांजा कारोबार में संलिप्त होने का आरोप लगाते हुए उन्हें थाना ले गई।

शिकायतकर्ता का कहना है कि सूचना मिलने पर वह अपने भाइयों के साथ कोवाली थाना पहुंचे, जहां उन्होंने कथित तौर पर थाना प्रभारी को उनके पिता के साथ मारपीट करते देखा। उनका दावा है कि मारपीट की आवाज थाना परिसर के बाहर तक सुनाई दे रही थी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें गाली-गलौज कर वहां से भगा दिया गया।

अगली सुबह परिवार को पता चला कि श्यामा प्रसाद बेरा को पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने उन्हें इलाज के दौरान देखा। करण बेरा का आरोप है कि उनके पिता ने बताया कि थाना में रातभर उनकी पिटाई की गई, जिससे उनके शरीर में गंभीर दर्द और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ गईं।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि थाना प्रभारी की ओर से एक लाख रुपये की मांग की जा रही है और रकम नहीं देने पर श्यामा प्रसाद बेरा को गांजा तस्करी के झूठे मामले में जेल भेजने की धमकी दी जा रही है। परिवार का कहना है कि श्यामा प्रसाद बेरा निर्दोष हैं और उन्हें साजिश के तहत फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।

करण बेरा ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और उनके पिता को न्याय दिलाने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि राज्य के मुख्यमंत्री, डीजीपी, कोल्हान डीआईजी तथा मुसाबनी डीएसपी को भी भेजी गई है।हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

error: Content is protected !!