राँची में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस हुई अलर्ट, PCR और हाईवे पेट्रोल को मिले सख्त निर्देश
राँची।राँची जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से रविवार को नवीन पुलिस केंद्र स्थित यू.सी. झा हॉल में सभी पीसीआर एवं हाईवे पेट्रोल कर्मियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक अपर पुलिस महानिदेशक-सह-दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के आदेश तथा वरीय पुलिस अधीक्षक राँची के निर्देशन में संपन्न हुई।
बैठक का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक (यातायात) पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं पुलिस उपाधीक्षक, नगर नियंत्रण कक्ष ने संयुक्त रूप से किया। बैठक में पीसीआर और हाईवे पेट्रोल में तैनात पुलिस पदाधिकारियों, हवलदारों, आरक्षियों एवं चालकों को जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने अपराध नियंत्रण, अवैध अड्डेबाजी पर कार्रवाई, नशे के कारोबार और नशेड़ियों के खिलाफ खुफिया तंत्र को मजबूत करने तथा उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही डायल-112 से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया देने, संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाने और विभिन्न पीसीआर वाहनों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बैंक, पेट्रोल पंप, ज्वेलरी दुकानों सहित महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की निगरानी बढ़ाने, शहर के चौक-चौराहों और गलियों में लगातार गश्त करने तथा अधिक से अधिक भ्रमणशील रहकर आम जनता में सुरक्षा का भरोसा कायम करने पर बल दिया गया।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कर्मियों को पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी गई कि लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।राँची पुलिस का संदेश साफ है-अपराधियों पर कड़ी नजर, कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता।

