राँची में रंगदारी गैंग का आतंक बरकरार, दो व्यवसायी को मिली 5-5 करोड़ की धमकी,जांच में जुटी है पुलिस..
राँची।राजधानी राँची में एक बार फिर ‘प्रिंस खान’ के नाम पर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है, जिससे कारोबारियों में दहशत का माहौल है। ताजा मामला लालपुर थाना क्षेत्र का है, जहां दो कारोबारियों से पांच-पांच करोड़ की रंगदारी मांगी गई है।
एक ज्वेलर्स व्यवसायी को अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल और मैसेज कर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई है। पीड़ित सुमन पाल (पिता स्वर्गीय प्रशांत पाल), हरिओम टावर रेसिडेंसी, सर्कुलर रोड, लालपुर के निवासी हैं और मेन रोड स्थित विष्णु गली के पास ‘पॉल ब्रदर्स ज्वेलर्स’ नाम से उनका प्रतिष्ठान है। उन्होंने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत वरीय पुलिस अधीक्षक राँची को दी है। इस मामले में लालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई है।
आवेदन के अनुसार, 4 जून की रात करीब 9:50 बजे अज्ञात मोबाइल नंबर से उनके फोन पर कॉल आया, जिसके बाद मैसेज के जरिए 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। कॉल करने वाले ने खुद को ‘प्रिंस खान’ बताते हुए कहा कि वह दुबई से बोल रहा है। साथ ही पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना के बाद से व्यवसायी और उनका परिवार काफी डरा हुआ है और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। सुमन पाल ने पुलिस प्रशासन से अपने परिवार और प्रतिष्ठान की सुरक्षा के लिए गार्ड उपलब्ध कराने की मांग की है। इस मामले में आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस महानिदेशक, सिटी एसपी, डीएसपी और लालपुर, कोतवाली व डेली मार्केट थाना प्रभारी को भी भेजी गई है।
प्रिंस खान के नाम पर एक और कारोबारी से पांच करोड़ की रंगदारी मांगी गयी, नहीं देने पर दी जान से मारने की धमकी
दूसरे मामले में लालपुर थाना क्षेत्र के हरिओम टावर में रहने वाले कारोबारी उदय शंकर से वॉट्सऐप मैसेज और वॉइस कॉल के जरिए पांच करोड़ की रंगदारी मांगी है। धमकी देने वाले ने खुद को दुबई में बैठा कुख्यात अपराधी प्रिंस खान बताया है। पैसे नहीं देने पर भुक्तभोगी और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है,जिससे पूरे परिवार में दहशत है. इस संबंध में लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, घटना 5 जून 2026 की रात करीब 10:30 बजे की है।पीड़ित उदय शंकर (पिता- श्याम जी शर्मा) अपने घर पर थे, तभी उनके मोबाइल नंबर पर एक विदेशी नंबर (+971545920432) से वॉट्सऐप मैसेज और वॉइस नोट आने शुरू हुए।मैसेज भेजने वाले ने सीधे तौर पर पांच करोड़ रुपये की मांग की। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि रंगदारी की रकम न देने पर उनके और उनके परिवार के सदस्यों को शारीरिक क्षति पहुँचाने और जान से मारने की लगातार धमकियां दी जा रही हैं।इसके बाद डरे-सहमे पीड़ित ने 6 जून को लालपुर थाने में लिखित आवेदन देकर सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
गौरतलब है कि राँची में पिछले कुछ समय से ‘प्रिंस खान’ के नाम पर लगातार रंगदारी मांगने के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे खासकर व्यवसायी वर्ग में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस के लिए यह चुनौती बनता जा रहा है कि ऐसे मामलों पर जल्द से जल्द कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए, ताकि कारोबारियों का भरोसा कायम रह सके।

