जमीन विवाद फायरिंग मामला: बंगाल से पकड़ा गया मुख्य आरोपी अशफाक

 

सरायकेला। झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल स्थित कपाली ओपी क्षेत्र के इस्लामनगर में जमीन विवाद को लेकर हुई जानलेवा फायरिंग मामले में पुलिस को सफलता हाथ लगी है।पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी अशफाक अहमद उर्फ बल्लू (42 वर्ष, इस्लामनगर निवासी) को पश्चिम बंगाल के पुरुलिया रोड( बड़ाबाजार) से गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया है।शुक्रवार को चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार ने मामले का खुलासा किया।

एसडीपीओ ने बताया कि घटना 02 जून को दिन के करीब एक बजे की है।जब अफसर नवाज नामक व्यक्ति अपनी जमीन पर काम करवा रहे थे।इसी दौरान उस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गयी थी। इस संबंध में कपाली ओपी में कांड संख्या- 80/2026, धारा 115(2)/126(2)/109/308(5)/3(5) BNS 2023 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को पश्चिम बंगाल से दबोच लिया।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी बल्लू का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसमें वर्ष 2022 का एक गंभीर मामला शामिल है।एसडीपीओ ने कहा कि मामले में शामिल अन्य संलिप्त लोगों की तलाश और आगे की जांच जारी है।किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

गोलीकांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस अधिकारियों की एक टीम गठित की गई। इस टीम में कपाली ओपी प्रभारी रंजन कुमार, सब-इंस्पेक्टर रंजीत कुमार सिंह, हीरालाल मुंडू, बिपुल कुमार तिवारी, दस्तगीर आलम और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

error: Content is protected !!