धनबाद: नदी में नहाने के दौरान बीसीसीएल कर्मी की मौत, परिजनों में मातम
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के बीसीसीएल बरोरा एरिया की एएमपी कोलियरी में कार्यरत भेलव मेन सुभाष बाउरी (52) की बुधवार सुबह खोदो नदी में नहाने के दौरान मौत हो गई।बताया जा रहा है कि वह मिर्गी बीमारी से ग्रसित थे। साथ ही यह भी आशंका जताई जा रही है कि नदी में नहाने के दौरान मिर्गी का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं बरोरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृतक मुराइडीह कॉलोनी में जलापूर्ति कार्य में वाटर सप्लाई का काम करते थे।उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्री हैं। उनका पैतृक आवास बोकारो जिले के पिंडराजोड़ा थाना क्षेत्र में है।
घटना की जानकारी मिलने पर श्रमिक नेता जे.के. झा, देवानंद राजभर, मंगल हेंब्रम, मनोज मोदी समेत अन्य लोग पहुंचे और बीसीसीएल प्रबंधन से मृतक के आश्रित को तत्काल नियोजन देने की मांग की। नेताओं ने मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

