Ranchi:सड़कों पर अड्डाबाजी और नशा करने वालों की खैर नहीं, जिला प्रशासन ने चलाया विशेष जांच अभियान…

राँची। राजधानी की सड़कों पर बेवजह अड्डाबाजी करने, अनावश्यक जमावड़ा लगाने और नशापान करने वालों के खिलाफ राँची जिला प्रशासन ने अपना रुख बेहद सख्त कर लिया है। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के कड़े निर्देश के बाद प्रशासन अब एक्शन मोड में है।​इसी कड़ी में मंगलवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) कुमार रजत के नेतृत्व में नामकुम थाना क्षेत्र के लोवाडीह से लेकर दुर्गा सोरेन चौक तक एक विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान से सड़क किनारे बेवजह जुटने वाले असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।

​जांच अभियान के दौरान सड़कों के किनारे और चौराहों पर कई युवक अनावश्यक रूप से जमावड़ा लगाए हुए पाए गए। SDO कुमार रजत के नेतृत्व में टीम ने इन युवकों से कड़ी पूछताछ की। सार्वजनिक स्थानों पर अड्डाबाजी करने और नशे से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने को लेकर सभी युवकों को सख्त हिदायत दी गई। अनुमंडल पदाधिकारी ने युवकों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में अगर वे दोबारा ऐसी गतिविधियों में पाए गए, तो उनके खिलाफ कानूनन सख्त कार्रवाई की जाएगी।

​”सार्वजनिक स्थलों पर अड्डाबाजी, नशापान और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों, खासकर महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित वातावरण देने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।”— जिला प्रशासन,राँची

​जिला प्रशासन ने इस अभियान के जरिए न केवल चेतावनी दी है, बल्कि युवाओं को सही राह पर चलने की सीख भी दी है। प्रशासन ने अपील की है कि युवा पीढ़ी अपनी ऊर्जा को सकारात्मक और रचनात्मक गतिविधियों में लगाए, ताकि समाज का माहौल बेहतर हो सके और शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

error: Content is protected !!