राँची में बंद घर का ताला तोड़कर बड़ी वारदात: रिटायर्ड इंजीनियर के घर से लाखों के जेवर और नकदी साफ,जांच में जुटी है पुलिस..
राँची।राजधानी राँची के नामकुम थाना क्षेत्र के केतारी बागान में अज्ञात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। यह घर भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) के एक रिटायर्ड उप-मंडल अभियंता (SDO) का है।
जमशेदपुर गया था परिवार, सूने मकान में दी दबिश
मिली जानकारी के मुताबिक, गृहस्वामी गोपाल सिंह अपनी पत्नी के साथ जमशेदपुर में रह रहे अपनी बेटी के घर गए हुए थे। बेटा और बहू सुबह 10 बजे कांके रोड स्थित ऑफिस गए ।घर पूरी तरह से खाली था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने इस बड़ी चोरी को अंजाम दिया।
ऐसे हुआ घटना का खुलासा:
घटना की जानकारी तब हुई जब गोपाल सिंह के बेटा और बहू, जो सुबह 10 बजे अपनी ड्यूटी पर गए थे, शाम को वापस लौटे। घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। अंदर जाने पर पूरा सामान बिखरा पड़ा थापीड़ित परिवार के अनुसार, चोरों ने घर के बेडरूम और अन्य कमरों की अलमारियों को कटर या भारी हथियार से तोड़कर खंगाला। अलमारी में रखे कीमती जेवरात और कैश लेकर अपराधी आसानी से फरार हो गए। परिजनों ने तुरंत इस घटना की सूचना नामकुम थाना पुलिस को दी।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज खंगाल रही टीम
सूचना मिलते ही नामकुम थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।पीड़ित परिवार की ओर से थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। पुलिस आस-पास के घरों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों का सुराग मिल सके।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुस्तैदी से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही चोरों के गिरोह की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इधर गोपाल सिंह के बेटा दीपक ने बताया कि पत्नी के साथ सुबह ऑफिस गए थे।शाम में लौटे तो ताला टूटा मिला।अंदर गए तो पूरा घर साफ हो चुका था।बताया कि कितना का चोरी हुआ इसका सही अनुमान नहीं लगा सकते हैं।मम्मी-पापा ही पूरी जानकारी दे सकते हैं।उन्होंने 15 लाख से ज्यादा की चोरी होने आशंका जताया है।

