Ranchi:जगन्नाथपुर से फिर दो नाबालिग बच्चे लापता,केस दर्ज,पुलिस जांच में जुटी

 

राँची।जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से दो नाबालिग बच्चों के लापता होने का मामला सामने आया है।इस संबंध में पिता चिरंजीव महतो ने थाना में मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कराते हुए अपने बच्चों की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।दिए गए आवेदन के अनुसार, चिरंजीव महतो पटेल नगर सेक्टर-1, पानी टंकी के पास किराए के मकान में रहते हैं।उन्होंने बताया कि 25 मई को दोपहर करीब 12 बजे उनकी 10 वर्षीय बेटी रोशनी कुमारी और 6 वर्षीय बेटा युवांश महतो घर से बिना बताए कहीं चले गए।बताया गया है कि किसी बात को लेकर माँ की डांट के बाद दोनों बच्चे घर छोड़कर निकल गए।परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल पाया।इसके बाद 26 मई को मामले की सूचना जगन्नाथपुर थाना को दी गई, जहां पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने यह भी बताया कि इससे पहले करीब तीन साल पहले भी उनकी बेटी घर से चली गई थी, जिसे बाद में डोरंडा इलाके से बरामद किया गया था। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए बच्चों की तलाश में जुट गई है और आसपास के क्षेत्रों में छानबीन की जा रही है।

error: Content is protected !!