बोकारो:जमीन विवाद की जांच के बदले 5,000 रुपये की घूस लेते एएसआई को एसीबी ने रंगे हाथ किया गिरफ्तार..
बोकारो।झारखण्ड में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी की टीम ने बोकारो जिले के बालीडीह थाना में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (ASI) मो० याकूब अंसारी को ₹5,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी बोकारो के नया मोड़ स्थित अजय कुमार की फल दुकान के सामने से की गई है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, मुख्यालय, झारखण्ड, राँची) को एक परिवादी (शिकायतकर्ता) द्वारा आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। परिवादी ने वर्ष 2009 में एक बिक्री विलेख (Sale Deed) के माध्यम से बोकारो जिले के बालीडीह थाना अंतर्गत मखदुमपुर क्षेत्र में खाता संख्या 01, प्लॉट संख्या 641 की 13 डिसमिल जमीन खरीदी थी।हाल ही में उसकी जमीन को लूटने और धमकी देने का मामला सामने आया, जिसके संबंध में उसने 11 मई 2026 को बालीडीह थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह को पत्र सौंपा था। इसके साथ ही पीड़ित ने अनुमंडल पदाधिकारी (चास), पुलिस अधीक्षक (बोकारो) और उपायुक्त अजय नाथ झा से भी मुलाकात कर कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई थी।
जमीन के इस विवादित मामले की जांच का जिम्मा बालीडीह थाना में पदस्थापित एएसआई मो० याकूब अंसारी को सौंपा गया था। आरोप है कि एएसआई ने जमीन पर जाने और मामले की जांच करने के बदले ‘खर्चा-पानी’ के रूप में ₹5,000 की रिश्वत की मांग की। परिवादी रिश्वत देकर अपना काम नहीं कराना चाहता था, इसलिए उसने इसकी लिखित शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) से कर दी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले के तथ्यों का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की बात पूरी तरह सही पाई गई। इसके बाद नियमानुसार काण्ड सं०-04 / 2026, दिनांक-25.05.2026 दर्ज किया गया और आरोपी को पकड़ने के लिए एक विशेष धावा दल (Raid Team) का गठन किया गया।मंगलवार, 26 मई 2026 को योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर धावा दल के सदस्यों ने दण्डाधिकारी (Magistrate) और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपी एएसआई मो० याकूब अंसारी को परिवादी से ₹5,000 नगद रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया।
आरोपी का विवरण:
नाम: मो० याकूब अंसारी (उम्र-56 वर्ष)
पिता का नाम: स्व० नासिरूद्दीन मियाँ
मूल निवासी: पो०-पंजिया, थाना-बरवाअड्डा, जिला-धनबाद
वर्तमान पदस्थापना: सहायक अवर निरीक्षक (ASI), बालीडीह थाना, जिला-बोकारो
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एसीबी के अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई (अग्रतर कार्रवाई) की जा रही है।

