सिमडेगा:शादी का झांसा देकर यौन शोषण मामले के आरोपी को पुलिस ने बिहार से किया गिरफ्तार

 

सिमडेगा।झारखण्ड के सिमडेगा पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ यौन शोषण करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया है।आरोपी पर युवती को शादी का भरोसा देकर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है।जानकारी के अनुसार पीड़िता ने इस मामले में कोर्ट परिवाद संख्या 107/2026 दायर किया था। परिवाद में युवती ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने शादी का वादा कर लंबे समय तक उसका यौन शोषण किया।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में जुट गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिमडेगा पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे ने तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।इसके बाद वरीय पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बिहार के विभिन्न इलाकों में लगातार छापेमारी अभियान चलाया। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को आरोपी के ठिकाने की जानकारी मिली। इसके बाद 25 मई 2026 को पुलिस टीम ने गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र स्थित अगरा (सिंहपोखर) इलाके में छापेमारी कर आरोपी सौरभ कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सौरभ कुमार पटना जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत विद्यापति कॉलोनी का निवासी है।।गिरफ्तारी के बाद उसे सिमडेगा लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सिमडेगा पुलिस ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर त्वरित कदम उठाए जा रहे हैं। इस मामले में भी विशेष टीम बनाकर दूसरे राज्य में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।पुलिस आगे न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने में जुटी हुई है।

error: Content is protected !!