Ranchi:ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा पुख्ता करने की कवायद, SSP राकेश रंजन ने थाना प्रभारियों को दिए कड़े निर्देश..
राँची।राँची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने ग्रामीण इलाकों में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने और अपराध पर लगाम लगाने के लिए एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस बैठक में मुख्य रूप से बेड़ो और सिल्ली अनुमंडल क्षेत्र के डीएसपी और सभी थाना प्रभारी शामिल हुए। बैठक के दौरान ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
बैठक के दौरान एसएसपी राकेश रंजन ने ग्रामीण क्षेत्रों में हाल ही में पदस्थापित हुए नए डीएसपी और थाना प्रभारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण इलाकों में पुलिस की मौजूदगी दिखनी चाहिए ताकि आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा हो और अपराधियों में खौफ रहे।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गश्ती तेज करने का कड़ा निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि
रात और दिन, दोनों समय नियमित पेट्रोलिंग की जाए।
संवेदनशील इलाकों और सुनसान रास्तों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाए।संदिग्ध गतिविधियों और व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जाए।
आने वाले पर्व-त्योहारों के मद्देनजर एसएसपी ने सभी अधिकारियों को अभी से अलर्ट मोड पर रहने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय स्तर पर शांति समिति की बैठकें की जाएं और असामाजिक तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने भी प्रभारियों को आपसी समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए।

