गुमला से लापता नाबालिग 10 महीने बाद ग्वालियर से बरामद, छह माह की गर्भवती; आरोपी फरार

गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले से 10 महीने पहले रहस्यमय तरीके से लापता हुई 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को पुलिस ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर से बरामद कर लिया है। बरामदगी के बाद मामले ने और सनसनीखेज मोड़ ले लिया, क्योंकि पीड़िता छह माह की गर्भवती पाई गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत अपहरण और दुष्कर्म की गंभीर धाराओं में कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक मध्य प्रदेश का रहने वाला है, लेकिन वह गुमला में रहकर काम करता था। इसी दौरान उसकी पहचान नाबालिग लड़की से हुई। आरोप है कि युवक ने लड़की को प्रेमजाल में फंसाया और फिर उसे अपने साथ भगा ले गया। पुलिस जब ग्वालियर पहुंची तो आरोपी को भनक लग गई और वह मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए झारखण्ड और मध्य प्रदेश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गुमला एसपी के पत्र के बाद दक्षिणी प्रक्षेत्र के आइजी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में एसआइ बबिता कुमारी, एसआइ गौतम वर्मा समेत अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया। दोनों अधिकारियों के नेतृत्व में टीम ग्वालियर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद पीड़िता को बरामद कर सुरक्षित गुमला लाई। फिलहाल सदर अस्पताल में उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस उसके बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

9 जुलाई 2025 को हुई थी लापता:
जानकारी के अनुसार, पीड़िता गुमला जिले के एक गांव की रहने वाली है। वह अपने माता-पिता के साथ गांव में रहती थी। उसकी बड़ी बहन शहर की एक बस्ती में किराये के मकान में रहती थी। पढ़ाई के बहाने नाबालिग बहन के पास शहर में रहने लगी थी।
9 जुलाई 2025 को उसने अपनी बहन से कहा कि उसकी परीक्षा है और वह गांव लौट रही है, लेकिन वह घर नहीं पहुंची। बेटी के अचानक गायब होने से परिवार परेशान हो गया। करीब एक महीने तक परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की। बाद में 16 अगस्त 2025 को सदर थाना में लिखित आवेदन देकर अपहरण की शिकायत दर्ज कराई गई। उस समय लड़की की उम्र महज 16 वर्ष थी।

मोबाइल कॉल से मिला बड़ा सुराग:
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन शुरुआती दिनों में पीड़िता का मोबाइल बंद होने के कारण जांच आगे नहीं बढ़ सकी। कुछ समय बाद लड़की ने अपनी मां से मोबाइल पर बातचीत शुरू की, जो पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ। तकनीकी जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल का सीडीआर और लोकेशन ट्रेस किया, जिसमें लोकेशन मध्य प्रदेश के ग्वालियर की मिली। इसके बाद विशेष टीम तुरंत ग्वालियर रवाना हुई।

पोक्सो एक्ट के तहत होगी कार्रवाई:
पुलिस का कहना है कि घटना के समय लड़की नाबालिग थी। ऐसे में आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट, अपहरण और दुष्कर्म की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

error: Content is protected !!