राँची पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर ट्रैक्टर चोर…ट्रैक्टर बेचकर फिर चोरी कर लेता था…दो ट्रैक्टर बरामद…

 

राँची।जिले के तमाड़ पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के एक बेहद शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी के दो सोनालिका ट्रैक्टर भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तमाड़ थाना क्षेत्र के विजयगिरी निवासी 26 वर्षीय निकेश कुमार महतो के रूप में हुई है।मिली जानकारी के अनुसार,16 मई 2026 को सुखराम मुंडा का सोनालिका ट्रैक्टर तमाड़ थाना क्षेत्र के अराहांगा गांव से चोरी हो गया था। मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद तमाड़ पुलिस ने तकनीकी जांच, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचना के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी किया गया ट्रैक्टर बाबूरामडीह गांव में छिपाकर रखा गया है। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर ट्रैक्टर बरामद कर लिया और आरोपी निकेश कुमार महतो को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। आरोपी ने बताया कि वह पहले भी कई ट्रैक्टर चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। उसने दिसंबर 2025 में विजयगिरी गांव से एक सोनालिका ट्रैक्टर चोरी कर उसे करीब साढ़े चार लाख रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने उस ट्रैक्टर को भी अड़की थाना क्षेत्र के सिंदरी गांव से बरामद कर लिया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने मार्च 2026 में अपना ट्रैक्टर चांडिल के नीमडीह थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति को बेचा था। कुछ दिनों बाद उसने उसी ट्रैक्टर को खरीदार के घर के बाहर से दोबारा चोरी कर लिया और बाद में तमाड़ थाना क्षेत्र के लुंगटू गांव में बेच दिया।सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जब खरीदार ट्रैक्टर चोरी की शिकायत लेकर नीमडीह थाना पहुंचा, तब ट्रैक्टर का नामांतरण नहीं होने के कारण पुलिस ने वास्तविक मालिक को बुलाने को कहा। इस पर आरोपी खुद खरीदार के साथ थाना पहुंच गया और ट्रैक्टर चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया में भी शामिल रहा,ताकि किसी को उस पर शक न हो।

तमाड़ पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि आरोपी लंबे समय से योजनाबद्ध तरीके से ट्रैक्टर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।

error: Content is protected !!