चतरा पुलिस ने करीब 15 लाख के अफीम के साथ एक तस्कर को दबोचा,अफीम को दिल्ली ले जाने की थी योजना…

चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले के हंटरगंज पुलिस ने झारखण्ड-बिहार सीमा पर स्थित गोसाईडीह के पास से करीब 15 लाख के अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार तस्कर अनिल कुमार यादव चतरा सदर थाना क्षेत्र के सिकिद गांव का रहने वाला है उसके पास से 2.900 किलोग्राम अफीम के अलावा दो मोबाइल व 1200 नकद जब्त किया गया। यह जानकारी एसपी अनिमेष मैथानी ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस कांफ्रेंस कर दी। उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि चतरा-जोरी के तरफ से एक व्यक्ति टेंपो पर सवार होकर अफीम लेकर बिहार के गया जा रहा है। सूचना के आलोक में छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोसाईडीह के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान लगाया गया। इस दौरान एक सवारी टेंपो को रोका गया, तभी उसमें सवार एक व्यक्ति अचानक काला रंग का पिट्ठू बैग लेकर टेंपो से कूद कर भागने का प्रयास किया। उसे खदेड़ कर पकड़ा गया। पूछताछ में गिरफ्तार तस्कर ने बताया कि अफीम को दिल्ली लेकर जाना था, जहां किसी तस्कर को सौंपना था। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।सप्लायर की गिरफ्तारी को लेकर छापामारी अभियान चलाया जा रहा है।छापामारी टीम में एसडीपीओ संदीप सुमन के अलावा पुलिस इंस्पेक्टर विपिन कुमार, हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक दिलीप कुमार व कई जवान शामिल थे।

error: Content is protected !!