देवघर: चाय दुकान संचालिका की निर्मम हत्या, सिर-चेहरा कुचलकर मार डाला…जांच में जुटी है पुलिस…

 

देवघर।झारखण्ड के देवघर जिले में कुंडा थाना के समीप चाय दुकान चलाने वाली 60 वर्षीय माला देवी की बेरहमी से हत्या कर दी गयी। महिला का शव दुकान के अंदर मिला, जहां सिर सहित चेहरे को कुचल दिया गया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी। सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह, फॉरेंसिक टीम तथा नगर व कुंडा थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गयी है। पुलिस के अनुसार घटना सोमवार रात की बतायी जा रही है।

जानकारी के अनुसार मृतका माला देवी मूल रूप से सारवां थाना क्षेत्र के लखोरिया भालूवाही गांव की रहने वाली थी।वर्तमान में वह रिखिया थाना क्षेत्र के बंधा में घर बनाकर रहती थी।करीब दो माह से वह कुंडा थाना के समीप चाय की दुकान चला रही थी और रात में दुकान में ही सोती थी।मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे किसी ने मृतका की पुत्री को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने देखा कि दुकान की दीवारों पर भी खून के छींटे लगे हुए थे। महिला की हत्या काफी नृशंस तरीके से किये जाने की बात सामने आयी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इधर घटना के बाद से मृतका के पति शिव यादव के फरार होने की बात कही जा रही है। पुलिस मामले के सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।घटनास्थल देवघर-सारठ मुख्य पथ पर होने के कारण वहां लोगों की भीड़ जुट गयी थी।जाम की स्थिति नहीं बने, इसके लिए यातायात थाना की पुलिस को भी मौके पर तैनात किया गया है।

error: Content is protected !!