DRDO कर्मी का पेड़ से लटका मिला शव,इलाके में सनसनी,एक महीने पहले छुट्टी लेकर गांव आये थे,जांच में जुटी पुलिस..

 

रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र के तालाताड़ पंचायत के भुइयां टोला निवासी कमल किशोर महतो (35) का शव मंगलवार सुबह घर के पास पहाड़ी पर पेड़ से लटका मिलने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मामले की जांच की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार कमल किशोर महतो रक्षा विभाग के डीआरडीओ में कार्यरत थे और उनकी पोस्टिंग बेंगलुरु में थी।वह 19 अप्रैल को अवकाश लेकर अपने गांव आए थे।परिजनों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वह मानसिक तनाव में थे और अक्सर नींद नहीं आने की बात कहते थे। ग्रामीणों के अनुसार सोमवार रात करीब 11 बजे उन्हें गांव में टहलते देखा गया था।वहीं रात करीब दो बजे जब परिजनों की नींद खुली तो वह अपने बिस्तर पर नहीं मिले।इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू कर दी।

आज मंगलवार सुबह घर के पास पहाड़ी पर एक पेड़ से उनका शव झूलता मिला।मृतक अपने पिता प्रभु महतो का इकलौता पुत्र था। उनके पीछे पत्नी और दो छोटे पुत्र हैं। एक पुत्र की उम्र छह वर्ष जबकि दूसरे की उम्र चार वर्ष बताई गई है।घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पहुंची और छानबीन शुरू कर दी।पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

error: Content is protected !!