चोरों ने तोड़ा घर का ताला, पुलिस ने तोड़ा उनका ‘प्लान’… फिल्मी अंदाज में चुटिया पुलिस ने दो शातिरों को दबोचा
–बंद घर का ताला तोड़ लाखों के जेवर और कैश लेकर भाग रहे थे चोर, सूचना मिलते ही एक्शन में आई थाना प्रभारी और उनकी टीम
राँची।राजधानी राँची में चोरों के खिलाफ चुटिया पुलिस ने ऐसी त्वरित कार्रवाई की कि पूरा घटनाक्रम किसी फिल्मी क्राइम सीन से कम नहीं लगा। दिनदहाड़े बंद घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और कैश चोरी करने के बाद भाग रहे एक शातिर चोर को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। पूछताछ में उसके साथियों के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
मामला चुटिया थाना क्षेत्र के विंध्यवासिनी नगर रोड नंबर-4 का है। यहां पंकज कुमार के घर को चोरों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि पंकज कुमार की पत्नी बाहर गई हुई थीं और वह खुद भी घर में ताला लगाकर कुछ देर के लिए बाहर निकले थे। इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कैश व लाखों रुपये के जेवरात समेत कीमती सामान लेकर फरार होने लगे।
पड़ोसी की सूचना ने बिगाड़ा चोरों का पूरा खेल
चोरी की घटना का खुलासा उस वक्त हुआ, जब पंकज कुमार को पड़ोसी ने फोन कर बताया कि उनके घर के अंदर से जोर-जोर की आवाजें आ रही हैं और ऐसा लग रहा है कि कोई सामान तोड़ रहा है।सूचना मिलते ही पंकज कुमार ने बिना देर किए चुटिया पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पूनम कुजूर सक्रिय हो गईं और पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के लिए रवाना किया गया।
एक साथ कई टीमों ने संभाला मोर्चा
पुलिस ने चोरों को पकड़ने के लिए इलाके में तत्काल घेराबंदी शुरू कर दी। कई टीमों को अलग-अलग दिशा में लगाया गया। पुलिस की सक्रियता के कारण चोरी की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे आरोपियों को ज्यादा दूर निकलने का मौका नहीं मिला।
बताया जा रहा है कि घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया।पहले आरोपी के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान उसने अपने अन्य साथियों के बारे में पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद चुटिया थाना प्रभारी और उनकी टीम ने तत्काल आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
पहले एक चोर पकड़ा, फिर साथी तक पहुंची पुलिस
पहले आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी। कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी दबोच लिया।पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपियों के पास से चोरी का सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने राँची में इससे पहले कितनी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
बंद घरों की रेकी कर वारदात करता था गिरोह
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपी एक ऐसे गिरोह से जुड़े हो सकते हैं, जो बंद मकानों और फ्लैटों की रेकी करता था। घर में ताला लगा देखकर आरोपी मौका तलाशते थे और फिर ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से उनके पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। आशंका है कि गिरोह में और भी सदस्य शामिल हो सकते हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि राजधानी राँची के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं में इनकी कोई भूमिका रही है या नहीं।
घर पहुंचे पंकज तो टूटे ताले ने खोल दी चोरी की कहानी
इधर,घर मालिक पंकज कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी बाहर गई हुई हैं और वह खुद भी कुछ समय के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान पड़ोसी ने उन्हें फोन कर घर के अंदर से आवाज आने की जानकारी दी।पंकज ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घर पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि बाहर का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर जाने पर सामान बिखरा पड़ा था। पूरा मंजर देखकर उन्हें समझते देर नहीं लगी कि घर में चोरी हो चुकी है।
इसी दौरान पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी करते हुए भाग रहे आरोपियों की तलाश शुरू की और कुछ ही समय में एक आरोपी को पकड़ लिया।
एक सप्ताह पहले भी हुई थी बड़ी चोरी
चुटिया थाना क्षेत्र में चोरी की यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब करीब एक सप्ताह पहले भी इसी थाना क्षेत्र में एक बड़ी चोरी हुई थी।अनंतपुर में बंद फ्लैट का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 36 लाख रुपये कैश, ज्वेलरी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया था।पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं इन घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह का हाथ तो नहीं है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस चोरी के सामान, गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व में की गई वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।संभावना जताई जा रही है कि पुलिस आज या कल पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा कर सकती है। पुलिस की पूछताछ पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि गिरोह ने राँची में अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं।

