भगोड़ा कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के घर पर पुलिस ने चिपकाया इस्तेहार….
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके आवास पर इस्तेहार चिपका दिया है।यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई है। लंबे समय से फरार चल रहे प्रिंस खान को अब अदालत में सशरीर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।गंभीर मामलों में प्रिंस खान और उसके सहयोगियों की तलाश की जा रही है।थाना कांड संख्या 175/2023 और 277/2023 में रंगदारी और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हैं। इन मामलों में प्रिंस खान के साथ गोपी खान और सैयद सैफ नक्बी अब्बास भी आरोपी हैं।पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों के खिलाफ धनबाद के विभिन्न थानों में कई अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। लगातार छापेमारी के बावजूद इनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिसके बाद न्यायालय ने इस्तेहार जारी करने का आदेश दिया।
न्यायालय के निर्देश के बाद बैंक मोड़ पुलिस ने कमर मखदुमी रोड स्थित प्रिंस खान और गोपी खान के आवास पर इस्तेहार चिपकाया।इस नोटिस के माध्यम से स्पष्ट किया गया है कि भगोड़े आरोपी जल्द से जल्द अदालत में हाजिर हों।इस्तेहार में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि आरोपी तय समय के भीतर न्यायालय में उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इसमें संपत्ति कुर्की जैसी सख्त कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।
थाना के एएसआई सुनील कुमार रवि ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रिंस खान और गोपी खान लंबे समय से फरार हैं। उन्होंने कहा कि दोनों के खिलाफ कई संगीन मामले दर्ज हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।एएसआई ने यह भी बताया कि न्यायालय द्वारा इस्तेहार निर्गत होने के बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उनके घर पर नोटिस चिपकाया है।पुलिस का कहना है कि अगर आरोपी जल्द सामने नहीं आते हैं, तो उनके खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का माहौल है और पुलिस की इस कार्रवाई को सख्ती के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। लोगों का मानना है कि इससे अपराधियों पर दबाव बढ़ेगा और वे जल्द कानून के शिकंजे में आएंगे।

