महिला पर हथौड़े और लाठी-डंडे से हमला,महिला की मौत,आरोपी फरार…जांच में जुटी है पुलिस..

 

चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में शुक्रवार की देर रात एक 50 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई। अपराधी ने महिला के सिर पर हथौड़े से वार किया।इसके बाद लाठी-डंडों और पत्थरों से भी हमला किया गया। सिर और पसलियों पर गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना जेटेया थाना क्षेत्र के बड़ा पासेया गांव के चिरु पासेया टोला की है। मृतका की पहचान टुरिया गगराई के रूप में हुई है। पुलिस ने शनिवार को शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

यह घटना बीती रात उस समय हुई, जब गांव में बाहा पर्व मनाया जा रहा था। अधिकांश ग्रामीण त्योहार में व्यस्त थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने टुरिया गगराई पर तब हमला किया जब वह अपने घर से थोड़ी दूर पर थी।हमलावर रात के अंधेरे में एक आम के पेड़ के पीछे छिपा हुआ था। मौका मिलते ही उसने महिला पर हमला कर दिया। हत्या के बाद आरोपी ने शव को लगभग 200 से 300 मीटर तक घसीटने का प्रयास किया।

संभवतः किसी हलचल के कारण वह शव को वहीं छोड़कर फरार हो गया। भागते समय आरोपी अपने कपड़े (शर्ट, पैंट और चप्पल) घटनास्थल पर छोड़ गया, जिन्हें पुलिस ने महत्वपूर्ण सुराग के तौर पर जब्त किया है।

घटना के वक्त मृतका के साथ उसके छोटे भाई की सात वर्षीय बेटी भी थी। बच्ची किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन जब मौके पर पहुंचे, तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलते ही जेटेया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी को पकड़ने का आश्वासन दिया है।

error: Content is protected !!