बोकारो:नहाने के दौरान दामोदर नदी में डूबे दो छात्र, एक का शव बरामद…
बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिला के हरला थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवाघाट में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। दामोदर नदी में नहाने गए दो छात्र गहरे पानी में डूब गए।एक छात्र विष्णु का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे छात्र शनि की तलाश जारी रही।इस हादसे के बाद नदी किनारे अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
मिली जानकारी के अनुसार एलएच आजाद नगर के तीन छात्र स्कूटी से बरवाघाट पहुंचे। तीनों छात्र मिड प्वाइंट पब्लिक स्कूल के बताए जा रहे हैं। परिजनों के मुताबिक छात्र घर से ट्यूशन पढ़ने की बात कहकर निकले थे।नहाने के दौरान अचानक विष्णु और शनि गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
इस हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची।जिला प्रसाशन भी हरकत में आया।बोकारो डीसी अजय नाथ झा के आदेश पर जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार ने बरवाघाट में गोताखोरों की टीम भेजी है। टीम ने छात्रों की खोजबीन शुरू कर दी है।काफी मशक्कत के बाद विष्णु का शव नदी से बाहर निकाला गया, जबकि शनि की तलाश लगातार जारी है।
इस मामले में हरला थाना प्रभारी खुर्शीद आलम ने बताया कि तीन छात्र एक साथ नहाने पहुंचे।इसी दौरान पैर फिसलने से तीनों छात्र डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने एक को बचा लिया दो छात्र डूब गये हैं, इसमें से एक के शव को निकाल लिया गया है दूसरे छात्र की तलाश में स्थानीय गोताखोर लगे हुए हैं।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।लोगों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में बरवाघाट गर्मियों के दौरान प्रमुख पर्यटन स्थल बन चुका है, जहां हर दिन भारी भीड़ उमड़ती है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं।नदी किनारे न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही स्थायी रूप से गोताखोर या सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।

