राँची में घर से लैपटॉप चोरी, CCTV में कैद हुआ संदिग्ध
राँची।राजधानी राँची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित वीर कुँवर सिंह कॉलोनी में एक घर से लैपटॉप चोरी का मामला सामने आया है। घटना डोरंडा इलाके के एयरपोर्ट मार्ग स्थित मकान संख्या-868 की है, जहां से अज्ञात चोर लैपटॉप लेकर फरार हो गया। मामले को लेकर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुष्पांशु राज ने एयरपोर्ट थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 17 मई 2026 की शाम करीब 6:24 बजे से 6:34 बजे के बीच उनके घर से लैपटॉप चोरी हुआ। चोरी की घटना का पता अगले दिन 18 मई को तब चला, जब उन्हें लैपटॉप की जरूरत पड़ी। काफी खोजबीन और घर के लोगों से पूछताछ के बाद भी जब लैपटॉप नहीं मिला, तब घर में लगे CCTV कैमरों की जांच की गई।
CCTV फुटेज में एक अज्ञात युवक घर की ओर आता दिखाई दिया। फुटेज के अनुसार, संदिग्ध व्यक्ति शाम 6:24 बजे घर के पास पहुंचा और करीब 6:24:35 बजे मुख्य द्वार से घर के अंदर प्रवेश करता नजर आया। लगभग 10 मिनट बाद, शाम 6:34 बजे वह मुख्य द्वार से बाहर निकलता दिखाई दिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि युवक कमरे से लैपटॉप लेकर फरार हुआ है।
घटना के बाद पुष्पांशु राज ने एयरपोर्ट थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।लैपटॉप की कीमत करीब 85 हजार है।हाल में नया लैपटॉप खरीदा था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है। थाना पुलिस का कहना है कि फुटेज की जांच की जा रही है तथा जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

