रामगढ़:दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान से सोने-चांदी के आभूषण और नगदी लूट,भाग रहे दो अपराधियों को लोगों ने पकड़ा..पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी ….
रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरपुर रजरप्पा मोड़ पर मंगलवार दोपहर हथियारबंद अपराधियों ने एक बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार अपराधियों ने शिव शंकर ज्वेलर्स नामक दुकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी लूट ली।
दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और घटना के विरोध में स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे पांच से छह की संख्या में अपराधी रजरप्पा मोड़ पहुंचे। अपराधियों ने पहले ‘उत्तम ज्वेलर्स’ और फिर ‘शिवनारायण ज्वेलर्स’ में ग्राहक बनकर प्रवेश किया और आभूषण दिखाने को कहा, लेकिन दुकानदारों की सतर्कता के कारण वे वहां सफल नहीं हो सके।इसके बाद अपराधियों ने शिव शंकर ज्वेलर्स में प्रवेश किया।दुकान में घुसते ही उन्होंने व्यवसायी विष्णु वर्मा से सोने की चेन दिखाने की मांग की और अचानक उन पर पिस्टल तान दी।जान से मारने की धमकी देकर अपराधियों ने चंद मिनटों में ही दुकान में रखे कीमती गहने और गल्ले में रखी नगदी समेट ली।
इधर,अपराधी जब लूट का सामान लेकर भागने लगे, तभी व्यवसायी के भाई विवेक वर्मा ने साहस दिखाते हुए शोर मचाया और आसपास के लोगों को एकत्रित कर लिया। उन्होंने दुकान की ग्रिल बंद करने का प्रयास किया, जिससे अपराधियों में अफरा-तफरी मच गई। जहां तीन से चार अपराधी लूट का बड़ा हिस्सा लेकर भागने में सफल रहे, वहीं ग्रामीणों ने दो अपराधियों को मौके पर ही दबोच लिया।आक्रोशित भीड़ ने पकड़े गए अपराधियों की जमकर धुनाई कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस आगे की कारवाई में जुटी है।

