17 साल से फरार दुष्कर्म का आरोपी खूंटी पुलिस के हत्थे चढ़ा..
खूँटी।झारखण्ड के खूंटी जिला अंतर्गत मुरहू थाना पुलिस को विशेष समकालीन अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस ने वर्ष 2009 से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी बिरसा मुंडा को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी को मंगलवार को आवश्यक पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, घटना 4 सितंबर 2009 की है। आरोपी बिरसा मुंडा, जो मुरहू थाना क्षेत्र के सिरका गांव का निवासी है, ने अपने ही गांव की एक युवती को घर में अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था।इस संबंध में मुरहू थाना में कांड दर्ज किया गया था, लेकिन घटना के तुरंत बाद से ही आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर था।
बताया जाता है कि आरोपी की गिरफ्तारी में देरी का मुख्य कारण उसका क्षेत्र के विवादास्पद पत्थलगड़ी आंदोलन और एसी कुटुंब परिवार से जुड़ाव था। आंदोलन की आड़ में वह लंबे समय तक पुलिस की नजरों से बचता रहा। हालांकि, एसपी के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान और निरंतर पीछा करने के बाद आखिरकार उसे दबोच लिया गया।छापामारी दल में शामिल अधिकारी इस सफल अभियान का नेतृत्व एसडीपीओ वरुण रजक और अंचल निरीक्षक फ्रांसिस जेवियर बाड़ा ने किया। टीम में मुरहू थाना प्रभारी नायल गोडविन केरकेट्टा, एसआई कुलदीप रौशन बारी, एएसआई जॉन पॉल तोपनो समेत मुरहू थाना सशस्त्र बल और एसआईआरबी-2 के जवान शामिल थे।

